सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के कोथ कलां गांव में ग्रामीणों ने बाबा काला पीर डेरे के महंत शुकराई नाथ के खिलाफ प्रदर्शन किया। बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण एचएयू के गेट नंबर 4 के सामने एकत्रित हुए और लघु सचिवालय तक मार्च निकाला। किसान नेता सुरेश कोथ के अनुसार, महंत शुकराई नाथ पर महिलाओं से जबरन नृत्य करवाने और डेरे की परंपराओं के विरुद्ध बाहरी महिलाओं को रात में डेरे में ठहराने के गंभीर आरोप हैं।
इसके अलावा, महंत पर डेरे के चंदे और कृषि भूमि से प्राप्त धन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह धन जनहित कार्यों में खर्च होने के बजाय महंत के निजी ऐश-आराम पर खर्च किया जा रहा है। साथ ही, गांव में सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने और राजनीति करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक देशभर के आठ पीर मिलकर डेरे की गद्दी पर नए महंत की नियुक्ति नहीं करते, तब तक प्रशासन डेरे को अपने नियंत्रण में ले। किसान नेता सुरेश कोथ ने बताया कि ग्रामीण इस मामले को लेकर पहले ही उपायुक्त से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।







































