सिटी बिग न्यूज | हांसी
हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों से 18 मार्च को एक युवक और एक युवती लापता हो गए। राखी शाहपुर की 18 वर्षीय भारती और राखी खास के 23 वर्षीय आशीष के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है।
कॉलेज के लिए निकली छात्रा, वापस नहीं लौटी
भारती बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह 18 मार्च की सुबह 8:30 बजे कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
राखी खास निवासी आशीष 18 मार्च को सुबह 8 बजे जींद में काम की तलाश के लिए निकला था। तभी से उसका मोबाइल बंद है और वह भी लापता है। परिजनों ने हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
नारनौंद थाना पुलिस ने 21 मार्च को दोनों मामलों में अलग-अलग गुमशुदगी के केस दर्ज कर लिए हैं और जांच जारी है।







































