सिटी बिग न्यूज | हिसार
नारनौंद में जेल एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के खिलाफ लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को सतरोल खाप के प्रधान दलबीर खर्ब की अध्यक्षता में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान मंत्री का पुतला जलाया गया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
विधानसभा सत्र के दौरान सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम और मंत्री अरविंद शर्मा के बीच तीखी बहस हुई थी। गोहाना की जलेबी को लेकर शुरू हुए विवाद में मंत्री ने गौतम पर अनुचित टिप्पणी की, जिसके जवाब में गौतम ने मंत्री पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण को ज्ञापन भेजते हुए मंत्री के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि मंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो हरियाणा समेत अन्य राज्यों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।




































