सिटी बिग न्यूज | हिसार
इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा के साथ हिसार महिला थाने में मारपीट हुई। दीपक ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी, इंटरनेशनल बॉक्सर स्वीटी बूरा, उनके पिता और मामा ने पुलिस के सामने ही उनके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद दीपक ने हिसार सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर तीनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
थाने में पूछताछ के दौरान हुआ विवाद
- दोनों पक्षों के बीच धोखाधड़ी, मारपीट और दहेज उत्पीड़न से जुड़े मामले में 15 मार्च को हिसार महिला थाने में पूछताछ चल रही थी।
- इसी दौरान दीपक और स्वीटी के बीच कहासुनी हो गई, जो बढ़कर धक्कामुक्की और मारपीट में बदल गई।
- पुलिस के सामने ही स्वीटी के पिता और मामा ने भी विवाद में दखल दिया और दीपक के साथ मारपीट की।
- इस झड़प में दीपक को चोटें आईं, जिसके बाद वे हिसार सिविल अस्पताल में इलाज कराने गए और फिर 16 मार्च को सदर थाने में शिकायत दी।
FIR दर्ज, पुलिस कर रही जांच
दीपक हुड्डा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें 25 फरवरी को दर्ज मुकदमे में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस दौरान थाना प्रभारी कार्यालय में दोनों पक्षों से पूछताछ हो रही थी, जब यह विवाद हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































