सिटी बिग न्यूज | हिसार
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच हांसी पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को एटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के विकास और कनौली के राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 24,000 रुपये नकद बरामद किए हैं और पूछताछ जारी है।
गूगल से खोजा कस्टमर केयर नंबर और फंस गया जाल में
यह मामला घिराय निवासी धर्मबीर के साथ हुई ठगी से जुड़ा है। धर्मबीर जब एटीएम से पैसे निकाल रहे थे, तो मशीन में खराबी आ गई। समस्या हल करने के लिए उन्होंने गूगल पर एटीएम कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।
आरोपियों ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए धर्मबीर को एक फर्जी लिंक भेजा और उसमें फोन नंबर के आखिरी पांच अंक डालने को कहा। जैसे ही उन्होंने यह किया, उनके खाते से 95,105 रुपये कट गए।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
धर्मबीर की शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना हांसी की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ठगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से 24,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।







































