सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र की ढाणी भोडिया बिश्नोइयान में आधी रात को आठ-दस हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में जमकर तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पीड़ित अजय ने बताया कि 16 फरवरी की रात करीब 1:15 बजे बदमाशों का एक गिरोह तलवार, लोहे की रॉड और डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आया। आरोपियों में बड़ोपल निवासी दिग्विजय, सदलपुर निवासी दीप उर्फ घोलू, सचिन, कुलदीप उर्फ राहुल समेत 5-7 अन्य युवक शामिल थे।
बदमाशों ने घर में की तोड़फोड़, सामान में लगाई आग
बदमाशों ने घर में रखी दो बाइक, वॉशिंग मशीन, गैस चूल्हा और अन्य सामान को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। इसके बाद उन्होंने गैस सिलेंडर और चूल्हे को घर के बाहर रखकर आग लगा दी। यही नहीं, पशुओं के लिए रखी तूड़ी में भी आग लगा दी, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
लूटपाट और जातिसूचक गालियां
हमलावरों ने घर में रखे नकदी और गहने भी लूट लिए। इस दौरान, उन्होंने पीड़ित परिवार को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
घटना की सूचना पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।







































