सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार में एक दुकानदार से 51 हजार रुपये लूटने की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एड्रेस पूछने के बहाने दुकानदार को रोका और चाकू की नोक पर उसे धमकाकर नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता पूछने के बहाने रोका और चाकू तान दिया
जानकारी के अनुसार, गुलाटी अस्पताल, विजय नगर निवासी जीवन चंद्र सैनीयान मोहल्ले में ‘डोनाल्ड प्रिंटर’ नाम से दुकान चलाते हैं। रविवार रात करीब 8 बजे वह विजिटिंग कार्ड की डिलीवरी देने एक्टिवा से डीएन कॉलेज रोड स्थित रामचंद्र की ट्रांसपोर्ट पर जा रहे थे। तभी रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
दुकानदार ने बताया कि दोनों युवक काले रंग की बाइक पर सवार थे। उन्होंने रास्ता पूछने के बहाने उनकी स्कूटी रुकवाई और अचानक एक युवक ने उनकी गर्दन और माथे पर चाकू रख दिया, जबकि दूसरा युवक पीछे से पकड़ने लगा।
जेब से निकाले 51 हजार रुपये
जीवन चंद्र के मुताबिक, वह दुकान से निकलने से पहले पेंट की जेब में 52 हजार रुपये रखकर चले थे, जिन्हें उन्हें सुबह बैंक में जमा करवाना था। लुटेरों ने उनकी जेब की तलाशी ली और उसमें से 51 हजार रुपये निकाल लिए। संयोग से 1,000 रुपये उनके हाथ लगने से बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश उसी दिशा में बाइक से फरार हो गए, जिस ओर से आए थे।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
वारदात के बाद दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से अपील की है कि उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।







































