सिटी बिग न्यूज | हिसार
केंद्रीय बजट में सभी वर्गों का विशेष का ख्याल रखा गया है। बजट में किसान, छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप व एमएसएमई को मजबूती देने के लिए अनेक प्रावधान किए गए हैं इसलिए बजट में विकसित भारत की झलक दिखलाई देती है।
यह बात भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हर्ष बामल ने आज केंद्रीय वित्तमंत्री द्वारा पेश गए केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के उत्थान के लिए बजट में कई प्रावधान किए हैं जिसमें मुख्य रूप से किसान के्रडिट कार्ड की लिमिट को 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख कर दिया गया है।
कपास व दलहन फसलों की पैदावार को बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। वहीं 12 लाख रुपये तक की कमाई को टैक्स फ्री करके व टीडीएस की सीमा 10 लाख करके देश के मध्यम वर्ग को बड़ी राहत प्रदान की गई है।
एमएसएमई के लिए लोन गारंटी कवर को 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ किया है तथा छोटे उद्यमियों को 1.5 लाख करोड़ तक का कर्ज मिलेगा। स्टार्टअप के लिए लोन 10 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ रुपए किया जाएगा।
गारंटी फीस में भी कमी होगी। एआई के लिए 500 करोड़ रुपए का ऐलान किया गया है। वहीं शिक्षा में मेडिकल एजुकेशन में अगले 5 साल में 75 हजार सीटें बढ़ाने की घोषणाा की गई है। इसके अलावा 2025 में गरीबों को 40 हजार नए मकान देने का लक्ष्य रखा गया है।
हर्ष बामल ने कहा कि देश की उन्नति में महिलाओं के योगदान के मद्देनजर सरकार ने महिलाओं को लोन देने के लिए विशेष कदम उठाए हैं जिसके तहत पहली बार उद्यमी बनने वाली महिलाओं को दो करोड़ का टर्म लोन मिलेगा वहीं एससी, एसटी की एमएसएमई महिला उद्यमियों के लिए विशेष लोन योजना शुरू की जाएगी।
सीनियर सिटिजंस के लिए टैक्स छूट दोगुनी की गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सरकार ने सराहनीय कदम उठाए हैं जिसके तहत 36 जीवन रक्षक दवाएं पूरी तरह से टैक्स फ्री की गई हैं तथा 6 जीवन रक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी 5 प्रतिशत घटाई गई है। पीएम धन-धान्य कृषि योजना से देश के किसानों का लाभ होगा और खुशहाली आएगी।
खाद की कमी को देखते हुए असम में नया यूरिया प्लांट लगाया जाएगा। कुल मिलाकर यह बजट सभी वर्गों के लिए हितकर है। विशेष तौर पर मध्यम वर्ग, स्टार्ट-अप के जरिए युवाओं, छोटे उद्योग व व्यापारियों, महिलाओं व किसानों के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। देश की तरक्की एवं विकसित भारत की यात्रा में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा।







































