सिटी बिग न्यूज | नई दिल्ली
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2025 में आयकर दाताओं को बड़ी राहत मिली है। नई टैक्स व्यवस्था के तहत, 12.75 लाख रुपये तक की आय वाले नौकरीपेशा लोगों को कोई टैक्स नहीं देना होगा। इसके अलावा, अब करदाता पिछले 4 साल का आईटी रिटर्न एक साथ दाखिल कर सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए टीडीएस की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी गई है।
सरकार ने बजट में कैंसर की दवाओं की कीमतें कम करने का भी ऐलान किया है। अगले 3 साल में देश के सभी जिलों में कैंसर डे केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। अगले वित्तीय वर्ष में ही 200 ऐसे सेंटर बनाए जाएंगे।
बजट में बिहार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, जहां इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। वित्त मंत्री ने बिहार में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी की स्थापना, आईआईटी का विस्तार, मखाना बोर्ड का गठन और 3 नए एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की।
बजट के प्रमुख ऐलान:
- नया आयकर बिल अगले सप्ताह पेश किया जाएगा।
- कैंसर की दवाओं की कीमतें कम होंगी।
- पिछले 4 साल का आईटी रिटर्न एक साथ दाखिल करने की सुविधा।
- अगले 6 साल में मसूर, तुअर जैसी दालों की पैदावार बढ़ाने पर फोकस।
- कपास उत्पादन बढ़ाने के लिए 5 साल का मिशन शुरू किया जाएगा।
- किसान क्रेडिट कार्ड पर ऋण सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये की गई।
- बिहार में मखाना बोर्ड का गठन होगा, जिससे छोटे किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
- छोटे उद्योगों के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की जाएगी, पहले साल 10 लाख कार्ड जारी होंगे।
- एमएसएमई के लिए ऋण गारंटी कवर 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया।
- स्टार्टअप्स के लिए ऋण सीमा 10 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ रुपये की गई।
- खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए मेक इन इंडिया के तहत विशेष योजना शुरू की जाएगी।
- देश के 23 आईआईटी में 1.35 लाख छात्रों के लिए सीटें बढ़ाई जाएंगी, आईआईटी पटना का विस्तार होगा।
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लिए 500 करोड़ रुपये की योजना की घोषणा।
- मेडिकल शिक्षा में अगले 5 साल में 75 हजार अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी।
इस बजट में किसानों, छोटे उद्योगों, स्टार्टअप्स और शिक्षा क्षेत्र को विशेष प्रोत्साहन दिया गया है, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।




































