सिटी बिग न्यूज | हिसार
‘जागो मानव-बनो इंसान’ संस्था के अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता गंगापुत्र राजेश हिन्दुस्तानी ने आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गांधी चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
हिन्दुस्तानी ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने कोई नेता, प्रशासनिक अधिकारी या कोई और नहीं आया। राजेश हिंदुस्तानी ने पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा से धूल मिट्टी हटाकर उसकी साफ-सफाई की।
उसके बाद पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि क्या शासन-प्रशासन, नेता बिल्कुल संवेदनहीन हो गए हैं जो गांधी जी की पुण्यतिथि पर कोई उन्हें याद तक नहीं कर पाया जबकि ये प्रतिमा, हिसार के बीच मुख्य बाजार में है, जहां से हजारों लोग गुजरते हैं।
वहीं हिन्दुस्तानी ने दो दिन पूर्व लाला लाजपत राय की जयंती पर उन्होंने नागोरी गेट स्थित लाला जी की प्रतिमा की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया व उन्हें नमन किया इस अवसर पर उनके साथ अमित जैन थे।
राजेश हिन्दुस्तानी पिछले 35 वर्षों से देशभक्त शहीदों को याद करते हुए उनकी जयंती व पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करने पहुंचते हैं। वे पहले देशभक्तों की प्रतिमा की सफाई करते हैं और उसके बाद उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देते हैं।
हिन्दुस्तानी ने बताया कि क्रांतिमान पार्क में शहीद चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मी बाई, नागोरी गेट स्थित लाला लाजपत राय सहित अन्य स्थानों पर स्थित शहीदों की प्रतिमाओं को कई साल पहले कोई याद नहीं करता था।
हिंदुस्तानी जब से शहीदों के चौक चौराहों पर स्थित शहीदों की प्रतिमाओं को नमन करने लगे हैं तबसे लोगों में जागृति आई है और लोग देशभक्तों को नमन करने पहुंचते हैं। उन्हें खुशी है कि उनकी मुहिम रंग लाई है।







































