हिसार जिले में मिलगेट में एटीएम से ठगी का मामला सामने आया है। एक चालाक युवक ने मदद के नाम पर एक व्यक्ति का ATM कार्ड बदल कर ,उसके खाते से निकाले 47 हजार रूपए। इस घटना के बाद HTM थाना पुलिस ने उस व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
जिंदल पार्क निवासी कृष्ण लाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी रोशनी का खाता एसबीआई मिलगेट शाखा में है। 4 दिसंबर की दोपहर 2:45 बजे वे अपनी पत्नी का एटीएम कार्ड लेकर मिलगेट स्थित एटीएम बूथ पर पैसे निकालने पहुंचे थे।
इसी दौरान एक अज्ञात युवक एटीएम के भीतर आया और मदद का बहाना बनाकर बातचीत करने लगा। कृष्ण लाल के मुताबिक, युवक ने उन्हें उलझाए रखा और इसी बीच उनका एटीएम पिन देख लिया। इसके बाद वह बड़ी चालाकी से उनका कार्ड बदलकर ऐसा दूसरा कार्ड हाथ में थमा गया, जिसका उन्हें अंदाजा तक नहीं हुआ।
बार-बार प्रयास करने के बाद भी जब पैसे नहीं निकले तो कृष्ण लाल घर लौट गए। अगले दिन जब वे दोबारा एटीएम पहुंचे, तो बैंक कर्मियों ने बताया कि उनके खाते से तो पहले ही पैसे निकाले जा चुके हैं। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि मूल एटीएम कार्ड से करीब 47 हजार रुपये की निकासी हो चुकी है।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।







































