ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन में बड़ी कामयाबी, जींद में हिसार का तस्कर दंपती हेरोइन सहित गिरफ्तार
जींद जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान नरवाना सीआईए स्टाफ को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए हिसार के रहने वाले एक तस्कर दंपती को 25 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी सुंदरपुरा मोड़ के पास की गई, जहां दोनों नशा सप्लाई करने पहुंचे थे।
गुप्त सूचना मिलते ही तैयार हुई टीम
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह के मुताबिक, एएसआई अवतार सिंह के नेतृत्व में टीम मितासो स्कूल के पास मौजूद थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि हिसार की महावीर कॉलोनी में रहने वाला नसीब उर्फ कला अपनी पत्नी के साथ हेरोइन लेकर नरवाना में सप्लाई करने आ रहा है और टोल प्लाजा से उतरकर चमेला कॉलोनी की ओर जाएगा।
सुंदरपुरा मोड़ पर घेराबंदी, दोनों धराए
सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने हिसार रोड पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, जैसे ही दंपती टोल प्लाजा पार कर चमेला कॉलोनी की दिशा में बढ़ा, सीआईए ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी में 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई। थाना शहर नरवाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों से सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है और संभावित साथियों तक पहुंचने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।




































