हिसार जिले के गांव पाली के निवासी 33 वर्षीय जितेंद्र एक महीने पहले बाइक पर ट्रक से टकराकर घायल हो गया था। अब उसने ड्राइवर पर मुकदमा दर्ज करवाया है। यह दुर्घटना 26 अक्टूबर की रात को घटित हुई , जब जितेंद्र गांव लोहारी राघो से अपनी बाइक पर घर आ रहा था।
जितेंद्र ने बताया कि गांव राजपुरा में शिव महिमा होटल के सामने सड़क पर एक खराब ट्रक खड़ा था। जब उन्होंने ट्रक को पार करने की कोशिश की, सामने से आ रहे वाहन की तेज हेडलाइट उनकी आंखों पर पड़ी, जिससे वे कुछ समय के लिए विचलित हो गए और उनकी बाइक ट्रक के पिछले भाग से टकरा गई। हादसे में वे सड़क पर गिर पड़े, जिसके परिणामस्वरूप उसके पैर और मुंह में गंभीर चोटें आईं। बाइक का भी काफी नुकसान हुआ।

चोट लगने के बाद जितेंद्र ने फोन कर अपने भाई अमित को बुलाया, जिन्होंने उन्हें तुरंत हांसी के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया।
इलाज के खर्च की बात से ड्राइवर मुकर गया, तब जाकर दर्ज हुआ मामला हादसे के बाद जितेंद्र ने पुलिस को अपने पहले ब्यान में इस घटना को एक सामान्य दुर्घटना बताई थी। परिवार का कहना है कि उस समय ट्रक चालक से इलाज का खर्च लेने की बातचीत हुई थी, इसलिए शिकायत नहीं की। लेकिन बाद में ट्रक चालक पीछे हट गया और पैसा देने से साफ इंकार कर दिया|
उधर, पुलिस ने बताया कि घटना वाले दिन अस्पताल से सूचना मिलने पर डॉक्टरों की राय के बाद जितेंद्र का बयान लिया गया था। एमएलआर में उनके शरीर पर तीन ब्लंट चोटों का ज़िक्र है।
अब जितेंद्र ने नया बयान देकर ट्रक चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने बयान और एमएलआर के आधार पर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 125(ए) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार, ट्रक की स्थिति, उसके खड़े होने के तरीके और चालक की भूमिका की दोबारा पड़ताल की जा रही है।







































