सिटी बिग न्यूज | हिसार
वीरवार रात हिसार जिले के गांव सीसवाला में बिजली के पोल पर हुई स्पार्किंग से एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और लगभग 30 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यह घटना किसानों प्रदीप, विजय और विनय भोभिया के खेतों में मौसम खराब होने के दौरान हुई।
बिजली पोल से स्पार्किंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आग लगते ही सीसवाला, किरतान, रावलवास खुर्द और खारिया गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर व पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे की देरी से पहुंची, लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया था। आंधी के बाद हुई बारिश ने भी आग पर काबू पाने में मदद की।
गांव के सरपंच ने बताया कि विधायक रणधीर पनिहार के भाई सुभाष पनिहार ने घटनास्थल पर पहुंचकर किसानों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। वहीं बिजली निगम के एसडीओ का कहना है कि हादसे के समय 33 केवी लाइन से सप्लाई नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना किसी निजी कंपनी की लाइन से बैक करंट आने के कारण हुई हो सकती है।







































