सिटी बिग न्यूज | हिसार
बाबा साहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने हिसार में राज्य के पहले एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल का उद्घाटन किया और अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई।
जनसभा में PM मोदी ने कहा, “अब श्रीकृष्ण की भूमि हरियाणा, श्रीराम की भूमि अयोध्या से जुड़ गई है। मेरा सपना था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में बैठे। बीते 10 सालों में करोड़ों भारतीयों ने पहली बार उड़ान भरी है।” उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जो अब बढ़कर 150 से अधिक हो गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वक्फ कानून में 2013 का संशोधन संविधान की भावना के खिलाफ था। “अगर यह कानून सही तरीके से लागू होता, तो मुसलमानों को साइकिल के पंचर नहीं बनाने पड़ते। कांग्रेस ने संविधान को वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल किया।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी बाबा साहेब और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न नहीं देती, उन्हें यह सम्मान तब मिला जब केंद्र में भाजपा समर्थित सरकार आई। साथ ही कांग्रेस पर SC, ST और OBC की योजनाओं के साथ खिलवाड़ करने और पेंशन से अधिकार छीनने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा अब ट्रिपल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। “हर गांव अब मुख्यालय से जुड़ चुका है। हमने विकास को परंपरा के साथ जोड़ा है। नौकरियों में पारदर्शिता लाई गई है, बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “यह गौरव का क्षण है कि यमुनानगर जैसे शहर को ऊर्जा के क्षेत्र में इतनी बड़ी सौगात मिली है। आने वाले वर्षों में और भी प्लांट स्थापित किए जाएंगे जिनमें कचरा और गोबर का उपयोग होगा।”
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा, “कांग्रेस सत्ता की सगी है, न दलितों की, न फौजियों की। हमारी सरकार ने One Rank One Pension लागू कर देश के सैनिकों का सम्मान बढ़ाया है।”







































