सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले में रोडवेज बस के ड्राइवर ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। डोबी निवासी और आर्मी से रिटायर्ड बुधराम, जो वर्तमान में रोडवेज में ड्राइवर हैं, ने एक यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित लौटाया। इस बैग में सोने का मंगलसूत्र और चांदी के गहने थे। उनकी ईमानदारी की रोडवेज अधिकारियों ने जमकर सराहना की।
जानकारी के मुताबिक, हांसी के प्रेम नगर निवासी राहुल अपनी पत्नी और एक महीने की बेटी को लेने फतेहाबाद से हिसार आए थे। सफर के दौरान उनके पास तीन बैग थे। हिसार से हांसी लौटते समय सातरोड पहुंचने पर उन्हें एक बैग गायब मिला, जिसमें सोने-चांदी के गहने थे। उन्होंने तुरंत हिसार बस स्टैंड पहुंचकर बस स्टैंड इंचार्ज प्रमोद से संपर्क किया।
ड्राइवर बुधराम को यात्रियों के उतरने के बाद बस में बैग मिला। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिन्होंने बैग की जांच कर उसे राहुल को सौंप दिया। सारा सामान सुरक्षित मिला। बुधराम की ईमानदारी को देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने उनकी प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।







































