सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के हांसी में दहेज को लेकर दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में दयाल सिंह कॉलोनी की एक महिला ने अपने पति पर दहेज और मारपीट का आरोप लगाया है। विवाहिता की शादी 2019 में जींद के निडानी गांव में हुई थी। शादी में लड़की के पिता ने दहेज के साथ टियागो कार दी, लेकिन कुछ समय बाद पति ने इसे छोटी कार बताकर फॉर्च्यूनर की मांग शुरू कर दी। इनकार करने पर पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और सास-ननद ने भी धमकियां दीं।
दूसरे मामले में हांसी के गांव सिंघवा की एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला की शादी 2024 में जींद के जाजन वाला गांव में हुई थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके दहेज के गहनों पर गोल्ड लोन करवाया और रकम ननद के घर भेज दी। इसके बाद और दहेज व गाड़ी की मांग की जाने लगी।
पुलिस ने दोनों मामलों में पीड़िताओं के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































