सिटी बिग न्यूज | हिसार
शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था व जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों के चलते इस महीने के अंत तक कूड़ा निस्तारण का काम निगम प्रशासन द्वारा नहीं किया गया तो हिसार संघर्ष समिति ट्रालियों में कूड़ा भरकर निगम कार्यालय परिसर मेें डालने का काम करेगी।
यह बात समिति के अध्यक्ष जितेंद्र श्योराण ने शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था का बहुत बुरा हाल है। कूड़ा उठाने वाले ठेकेदार का कार्यकाल पूरा हो चुका है लेकिन निगम प्रशासन उन्हीं कर्मचरियों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बदल-बदल कर काम करवा रहा है जिससे शहर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमराचुकी है।
कई-कई दिन तक कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ां नहीं आती और शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हर बार टेंडर खत्म हेने के बाद ही निगम प्रशसन द्वारा नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू क्यों की जाती है जबकि टेंडर खत्म होने से पहले ही यदि टेंडर प्रक्रिया पूरी करके सफाई का ठेका दे दिया जाए तो शहरवासियों को सफाई से संबंधित समस्या का सामनाा नहीं करना पड़ेगा।
जितेंद्र श्योरण ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर पार्षद तक एक ही पार्टी की सरकार है फिर भी शहर में सफाई व्यवस्था की हालत बेहद खराब है।
उन्होंने कहा कि शहर के नए चुने गए पार्षद भी शहर में सफाई व्यवस्था के ठीक करने में अपना सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस माह के अंत तक सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और कूड़े का उठान नहीं किया गया तो शहर में जगह-जगह फैले कूड़े को ट्रॉलियों में भरकर निगम कार्यालय में डालने का काम किया जाएगा।
उन्होंने निगम प्रशासन से मांग की कि शहर में जल्द से जल्द से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करके आमजन को राहत पहुंचाने का काम करे।







































