सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार नगर निगम और नगर पालिका नारनौंद के निकाय चुनाव की 12 मार्च को होने वाली मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शनिवार को जिला सभागार, लघु सचिवालय परिसर में मतगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
मतगणना के लिए सख्त दिशा-निर्देश
ट्रेनिंग प्रक्रिया की नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त निगमायुक्त शालिनी चेतल ने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि मतगणना केंद्रों में पेन, घड़ी, मोबाइल फोन, अंगूठी सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सुबह 6 बजे करें रिपोर्टिंग
शालिनी चेतल ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी अपना ड्यूटी पास एवं आईडी कार्ड लेकर सुबह 6 बजे तक मतगणना केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचे। बिना आईडी कार्ड के प्रवेश नहीं मिलेगा।
सुबह 8 बजे से शुरू होगी काउंटिंग
मतगणना प्रक्रिया सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की काउंटिंग से शुरू होगी। कर्मचारियों को पहले वार्ड वाइज पोस्टल बैलेट अलग करने और फिर उनकी गिनती करने का निर्देश दिया गया।
टेबल अलॉटमेंट व अन्य निर्देश
मतगणना के दिन टेबल का आवंटन संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान ट्रेनर वीरेंद्र ने पीपीटी के माध्यम से मतगणना में बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी कीर्ति सिरोहीवाल भी उपस्थित रहीं।







































