सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अपने पति और इंडियन कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की FIR दर्ज करवाई है। हिसार पुलिस में दर्ज शिकायत में स्वीटी ने बताया कि शादी में 1 करोड़ रुपये और फॉर्च्यूनर कार देने के बावजूद पति उसे कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट की।
स्वीटी बूरा ने मांगा 50 लाख हर्जाना और तलाक
हिसार के SP शशांक कुमार सावन ने बताया कि दीपक हुड्डा को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इसी बीच, स्वीटी बूरा ने 50 लाख रुपये हर्जाने और 1.5 लाख रुपये मासिक खर्च की मांग के साथ तलाक का केस भी दायर कर दिया है।
दीपक हुड्डा के आरोप – “स्वीटी ने किया हमला”
वहीं, दीपक हुड्डा ने भी स्वीटी बूरा और उनके परिवार पर संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रोहतक में शिकायत दर्ज करवाई है। दीपक का कहना है कि स्वीटी ने उसका सिर फोड़ा और चाकू से हमला किया।
दोनों भाजपा से जुड़े, विधानसभा चुनाव में दिखी अनबन
स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा फरवरी 2024 में भाजपा में शामिल हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया था। इससे पहले, दिसंबर 2023 में स्वीटी बूरा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं।
हाल ही में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में दीपक हुड्डा ने महम सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, स्वीटी बूरा ने भी बरवाला सीट से टिकट मांगा था, लेकिन भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया। हालांकि, स्वीटी ने महम में अपने पति दीपक हुड्डा के लिए प्रचार किया था।
अब FIR और तलाक के केस के बाद स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा का वैवाहिक विवाद राजनीतिक और कानूनी लड़ाई में बदल चुका है।







































