स्पोर्ट्स डेस्क
एक मीडिया हाउस की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी धनश्री वर्मा ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आधिकारिक रूप से तलाक ले लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांद्रा फैमिली कोर्ट में गुरुवार को अंतिम सुनवाई हुई, जिसमें दोनों सुबह 11 बजे उपस्थित रहे।
सुनवाई के दौरान, जज ने कपल को 45 मिनट की काउंसलिंग में भाग लेने का निर्देश दिया। काउंसलिंग के बाद, चहल और धनश्री ने आपसी सहमति से तलाक लेने की पुष्टि की। कोर्ट ने शाम 4:30 बजे तलाक को मंजूरी दे दी।
18 महीने से रह रहे थे अलग
एक वकील के मुताबिक, दोनों पिछले 18 महीनों से अलग रह रहे थे। तलाक की खबरें सोशल मीडिया पर पहले से ही चर्चा में थीं। 2023 में चहल ने एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की थी— “नई जिंदगी आ रही है”, जिससे अटकलें तेज हो गईं। इसके बाद धनश्री ने भी अपने इंस्टाग्राम से “चहल” सरनेम हटा दिया था।
धनश्री ने एक डांस रियलिटी शो में बताया था कि लॉकडाउन के दौरान चहल ने डांस सीखने के लिए उनसे संपर्क किया था, जिसके बाद दोनों के बीच प्यार हुआ और 11 दिसंबर 2020 को शादी कर ली।
करियर की बात करें तो…
युजवेंद्र चहल वर्तमान में टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। हालांकि, IPL 2025 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा। वह टी-20 वर्ल्ड कप 2024 विजेता टीम का हिस्सा थे, लेकिन कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला।







































