सिटी बिग न्यूज | दिल्ली
दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। शालीमार बाग से भाजपा विधायक रेखा गुप्ता ने गुरुवार को राजधानी की 9वीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं डिप्टी सीएम मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता के साथ छह नए मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। इनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। प्रवेश वर्मा ने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव में हराया था।
रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान: शीशमहल में नहीं रहेंगी
शपथ लेने से पहले मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा, “यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी, लेकिन मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।”
गौरतलब है कि भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास को ‘शीशमहल’ करार दिया था और आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाने में करोड़ों रुपये खर्च किए। यह मुद्दा चुनाव में भी भाजपा के प्रचार का अहम हिस्सा रहा।
महिलाओं को 8 मार्च तक मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद रेखा गुप्ता ने महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता देने की योजना पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि “दिल्ली की पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता देने का वादा हमने किया था, और पहली किस्त 8 मार्च तक उनके खातों में पहुंच जाएगी।”
प्रवेश वर्मा का बयान- “अंतिम सांस तक भाजपा में रहूंगा”
नए मंत्री प्रवेश वर्मा ने शपथ ग्रहण के बाद कहा, “मैं अंतिम सांस तक भाजपा में रहूंगा। जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है, और हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।”
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामलीला मैदान में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की 15 से अधिक कंपनियों को तैनात किया गया था।
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार अब किन नई योजनाओं पर काम करेगी, यह देखने लायक होगा। भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे, जिन पर अमल करना अब नई सरकार की प्राथमिकता होगी।
https://www.facebook.com/ISUPPORTREKHAGUPTA/videos/909795594567118







































