सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार की सेंट्रल जेल-2 में गुरुवार रात कैदी सूरजपाल उर्फ भानी (35) ने आत्महत्या कर ली। वह फतेहाबाद जिले के गांव भिरडाना का रहने वाला था और एनडीपीएस एक्ट व मारपीट के मामलों में बंद था।
जूते के फीते से बनाया फंदा
भूना थाना पुलिस ने सूरजपाल को 7 फरवरी को गिरफ्तार किया था और अगले दिन जेल भेज दिया था। गुरुवार रात उसने जेल के शौचालय के वेंटिलेटर में जूते के फीते से फांसी लगा ली। शुक्रवार सुबह जेल प्रशासन ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने लगाए आरोप
मृतक के चाचा शेर सिंह ने आरोप लगाया कि सूरजपाल की पत्नी लक्ष्मी और बड़ा भाई सतपाल उससे मिलने आए थे, लेकिन जेल प्रशासन ने मिलने नहीं दिया।
पोस्टमॉर्टम के बाद हुई अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। घटना से जेल प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं।




































