सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा स्थित काजला धाम मंदिर में चोरी की एक वारदात सामने आई है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग में कार्यरत सुंदर सिंह की पत्नी रेखा सैनी के गले से अज्ञात चोर ने करीब तीन तोले की सोने की चेन चुरा ली। घटना 12 फरवरी दोपहर करीब 12:15 बजे की बताई जा रही है।
मंदिर में पूजा के दौरान काफी भीड़ थी। इसी बीच किसी अज्ञात महिला ने रेखा सैनी की गले की चेन पर हाथ साफ कर दिया। जब रेखा ने कुछ देर बाद अपनी चेन को छूकर देखा तो वह गायब थी।
चोरी का एहसास होते ही पीड़ित दंपती ने मंदिर परिसर में चेन की तलाश की और सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं लग पाया। मामले की सूचना मिलने पर अग्रोहा पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➡




































