सिटी बिग न्यूज | हिसार
स्वर्णकार समाज के सदस्यों ने 3 महीने से लापता नाबालिग बच्ची की तलाश में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आजाद नगर निवासी सुनील सोनी की 16 वर्षीय बेटी 29 सितंबर 2024 से लापता है। गुरुवार को समाज के लोगों ने आईजी चौक से लघु सचिवालय तक विरोध मार्च निकाला और सीबीआई जांच की मांग की।
सीएम से मिलने का प्रयास और आत्मदाह की कोशिश
पिता सुनील सोनी पिछले तीन महीनों से बेटी की तलाश कर रहे हैं। नवंबर और दिसंबर में धरने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। 9 जनवरी को मुख्यमंत्री से मिलने के प्रयास में पुलिस द्वारा रोके जाने पर सुनील ने आत्मदाह की कोशिश की।
एसआईटी जांच के बावजूद नतीजा नहीं
मुख्यमंत्री के आदेश पर डीएसपी कंवल जीत की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन हुआ। लापरवाही के आरोप में एएसआई सुनीता को निलंबित किया गया, लेकिन 13 दिन बाद भी कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।
विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपा
स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने लघु सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। अब सुनील सोनी परिवार सहित फिर से धरने पर बैठ गए हैं। समाज ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।







































