सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को प्रयागराज महाकुंभ में फ्री यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह घोषणा सरकार के 100 दिन के कार्यों की समीक्षा के दौरान की। उन्होंने प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिया कि सभी घोषणाओं को तय समय पर पूरा करें और कोई भी कार्य लंबित न रहे।
सरकारी कार्यालयों में सिटीजन चार्टर लागू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बैठक में सरकारी कार्यालयों में सिटीजन चार्टर लागू करने की बात कही। साथ ही, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने और स्वच्छता अभियान के तहत कार्यालयों में सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से औचक निरीक्षण करने का भी सुझाव दिया।
7 फरवरी को महाकुंभ जाएंगे मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में मुख्यमंत्री नायब सैनी अपने सहयोगियों के साथ 7 फरवरी को स्नान करेंगे। उन्होंने पहले ही महाकुंभ में शामिल होने की घोषणा की थी। सरकार ने हरियाणा से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की।
हरियाणा से 30,000 श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा
हरियाणा सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ में राज्य के 30,000 श्रद्धालुओं के रहने और खाने की व्यवस्था सेक्टर-18 में की है। इसका प्रबंधन आरएसएस पर्यावरण गतिविधि संगठन कर रहा है।
हरित और सिंगल प्लास्टिक मुक्त महाकुंभ
महाकुंभ को सिंगल प्लास्टिक मुक्त और हरित कुंभ बनाने के लिए गुरुग्राम आरएसएस के पर्यावरण संगठन ने 30,000 थालियां, 30,000 थैले और 6,000 गिलास भेजे हैं। पूरे प्रदेश से 60,000 थालियां, 40,000 थैले और 10,000 गिलास भेजने का प्रबंध किया गया है।
विशेष आमंत्रण
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण को भी यूपी विधानसभा अध्यक्ष की ओर से महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इस योजना के माध्यम से सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सुविधाजनक और यादगार बनाने की पहल की है।




































