सिटी बिग न्यूज | रोहतक
इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला ने भाजपा राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के किसान आंदोलन पर विवादित बयान को लेकर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने रामचंद्र जांगड़ा को “घटिया सोच का आदमी” बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। अभय चौटाला ने भाजपा से मांग की कि वह रामचंद्र जांगड़ा पर सख्त कार्रवाई करे।
‘माताओं-बहनों की इज्जत न करने वालों का इलाज जरूरी’:
अभय चौटाला ने कहा, “जो माताओं-बहनों की इज्जत नहीं करता और किसानों को नशेड़ी कहता है, ऐसे लोगों का इलाज जरूरी है। मैं हर व्यक्ति से कहना चाहूंगा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाएं। अगर मुझे वह कहीं मिल गया, तो उससे जरूर पूछूंगा कि उसने किसानों और देश के अन्नदाताओं के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहने का अधिकार किससे लिया।”
इनेलो का किसानों को खुला समर्थन
अभय चौटाला ने खनौरी बॉर्डर पर अमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसानों का समर्थन करती है और किसान नेता जो भी आदेश देंगे, पार्टी उसका पालन करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार से एमएसपी की गारंटी देने और किसानों को आंदोलन करने पर मजबूर न करने की अपील की।
चौधरी देवीलाल की विरासत पर गर्व:
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो चौधरी देवीलाल की बनाई हुई पार्टी है, जो हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के किसान समर्थक बयान की सराहना करते हुए कहा कि वह सच्चे किसान हितैषी हैं और उन्हें किसानों की पीड़ा का ज्ञान है।







































