सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वतखोरी के बड़े मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने एक व्यक्ति को नशा तस्करी के केस में फंसाने की धमकी देकर 1 लाख रुपए की मांग की थी।
खुद को बचाने के लिए उसने रिश्वत लेने बिचौलिया जिले सिंह को भेजा, जिसे ACB ने 70 हजार रुपए लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सब इंस्पेक्टर और बिचौलिया जिले सिंह ने उस पर बार-बार दबाव बनाकर रिश्वत देने के लिए मजबूर किया।
मामले की शिकायत मिलने पर ACB ने ट्रैप लगाया और शिकायतकर्ता को निर्देश दिए कि वह बिचौलिया से सौदा तय करे। जैसे ही पैसे बिचौलिया के हाथ में आए, ACB ने उसे गिरफ्तार कर लिया।







































