सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के ढंढूर गांव स्थित आशा राम आश्रम में एक चौंकाने वाली घटना हुई है। आश्रम में रखे दानपात्र को तोड़कर चोर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गया। पूरी घटना आश्रम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दानपात्र तोड़कर चोरी
आश्रम के सेवादार रणजीत के अनुसार, वह 30 नवंबर को कुछ काम से आश्रम से बाहर गए थे। दोपहर बाद जब वे लौटे तो दानपात्र टूटा हुआ मिला और उसमें रखी लगभग 35-40 हजार रुपये की नकदी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि पड़ोस का ही एक युवक आश्रम में आया और लोहे के औजार से दानपात्र को तोड़कर पैसे चुरा ले गया।
एक मिनट में अंजाम दी वारदात
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक ने महज एक मिनट के भीतर ही पूरी वारदात को अंजाम दिया। उसने पहले दानपात्र को खोलने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं खुला तो बाहर से लोहे का औजार लेकर आया और दानपात्र का ताला तोड़कर पैसे निकाल लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सेवादार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।







































