सिटी बिग न्यूज
फतेहाबाद जिले के टोहाना इलाके में एक दर्दनाक हादसे में इंदाछोई गांव के पास एक तेज़ रफ्तार #Thar ने एक किसान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे #Thar चालक की भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुलां चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने इस मामले में मृतक थार चालक परमजीत सिंह के खिलाफ किसान यादविंदर सिंह के चचेरे भाई के बयान पर केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक किसान यादविंदर सिंह के चचेरे भाई गुरदीप सिंह ने बताया कि उसके चाचा अमरजीत सिंह के दो बेटे हैं।
बड़ा बेटा विक्रम सिंह पिछले 7-8 महीनों से एक दुर्घटना के कारण लाठी के सहारे चलता है, जबकि दूसरा बेटा 32 वर्षीय यादविंदर सिंह मजदूरी करता था। बुधवार रात को खाने के बाद गुरदीप और यादविंदर इंदाछोई से लहरियां रोड पर टहल रहे थे, तभी एक #Thar तेज़ रफ्तार से उनकी ओर आई।
उसकी हेडलाइट की तेज़ रोशनी ने उनकी आंखों को चकाचौंध कर दिया। थोड़ी ही देर में थार ने यादविंदर सिंह को टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए, जबकि गुरदीप ने तुरंत खेतों में कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद #Thar सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई, जिससे चालक परमजीत सिंह को भी गंभीर चोटें आईं।
गुरदीप सिंह ने बताया कि बाद में जब उसने चालक का नाम और पता जाना, तो वह दिगोह गांव का निवासी परमजीत सिंह निकला। यादविंदर सिंह को सिर, मुंह और शरीर पर गंभीर चोटें लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोग इकट्ठे हुए और दोनों को टोहाना के नागरिक अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही परमजीत सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
ओवरब्रिज निर्माण के कारण मार्ग बदलना पड़ा
जानकारी के अनुसार, 43 वर्षीय परमजीत सिंह बुधवार को किसी काम से टोहाना गए थे। जमालपुर शेखां के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन बाधित था। इस कारण परमजीत सिंह को रात में #Thar लेकर गांव के रास्ते से दिगोह जाना पड़ा, जहां यह हादसा हो गया।
परमजीत सिंह की बेटी पढ़ती है कनाडा में
मृतक परमजीत सिंह के दो बच्चे हैं। 21 वर्षीय बेटी कनाडा में पढ़ाई कर रही है, जबकि 17 साल का बेटा है। वहीं, मृतक यादविंदर सिंह की एक पांच साल की बेटी है। इस हादसे ने दोनों परिवारों में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।







































