सिटी बिग न्यूज
गेम्स और पढ़ाई की वजह आए दिन बच्चों की खुदकुशी के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला भिवानी के जैन चौक थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक ग्यारहवीं क्लास के विद्यार्थी ने योग प्रतियोगिता हार जाने पर घर के चौबारे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
इस घटना से परिवार में गम का माहौल है। अपने नाबालिग बेटे के इस कदम से परिवार को धक्का लगा है। पुलिस ने किशोर के शव का जिला नागरिक अस्पताल में सोमवार को पोस्टमार्टम कराया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक किशोर के पिता सीताराम के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
बता दें कि हनुमान ढाणी इलाका निवासी मृतक 16 वर्षीय योगेश 11वीं क्लास में पढ़ाई करने के साथ योग का अच्छा खिलाड़ी था। रविवार को रोहतक गेट इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में योग की जिला लेवल की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें योगेश ने भी अपने ऐज ग्रुप की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
इस प्रतियोगिता में योगेश को किसी कारणों से जीत नहीं मिली। इससे आहत होकर योगेश ने अपने घर आते ही चौबारे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जैन पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई राज सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले में कार्रवाई की गई।







































