सिटी बिग न्यूज | सिरसा
सिरसा जिले के गांव भंगू निवासी गुड्डी देवी पत्नी रामेश्वर शुक्रवार दोपहर को ऑटो रिक्शा में बैठकर सिरसा आ रही थीं। खैरेका के पास एक महिला, एक लड़की और एक लड़का भी ऑटो में सवार हो गए। रास्ते में उक्त महिला गुड्डी देवी से बातचीत करने लगी।
पार्क में ले जाकर की चोरी
सांगवान चौक पर गुड्डी देवी और तीनों लोग ऑटो से उतर गए। इसके बाद महिला, लड़का और लड़की गुड्डी देवी के साथ-साथ चलने लगे। महिला ने गुड्डी देवी को एक पार्क में ले जाकर बातचीत में उलझा लिया। बातचीत के दौरान महिला ने शातिर तरीके से उनके कानों की बालियां, गले से सोने का ताबीज और एक लिफाफा चुरा लिया। लिफाफे में 800 रुपए थे।
वारदात के बाद चोर हुए फरार
गुड्डी देवी ने बताया कि जब वह खड़ी हुईं तो उन्हें चोरी का पता चला। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला, लड़का और लड़की मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पीड़ित महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस ने गुड्डी देवी का बयान दर्ज कर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







































