सिटी बिग न्यूज | हांसी
हिसार जिले के हांसी में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। सवारियों से भरा ऑटो पलटने से उसमें बैठे सभी 11 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रास्ते में अचानक बेसहारा पशु सामने आ गया। सभी घायलों का इलाज हांसी के नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
घटना के दौरान ऑटो में 4 पुरुष और 7 महिलाएं सवार थीं। ये सभी मंगाली गांव से रामरा में एक शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की जानकारी देते हुए ऑटो चालक राहुल ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे, वह मंगाली से रामरा जा रहा था। जैसे ही ऑटो ने रामायण टोल पार किया और ग्रीन वैली के पास पहुंचा, अचानक दो नंदी सामने आ गए।
ऑटो चालक ने बताया कि एक व्यक्ति उन नंदियों को भगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसी दौरान नंदी ऑटो के सामने आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलटकर काफी दूरी तक घिसटता चला गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार सभी यात्रियों को चोटें आईं।




































