हिसार पुलिस ने अवैध शराब ठेको को बंद करने के लिए चल रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। स्वॉट कमांडो टीम-1 और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने अग्रोहा थाना क्षेत्र के गांव खासा महाजन में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस को सुचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से अपने घर पर शराब स्टोर कर रहा है। सुचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव निवासी विजेंद्र उर्फ बिरजू के घर पर दबिश दी। तलाशी के वक्त घर से अलग- अलग ब्रांडों की अंग्रेजी शराब, बीयर और देसी शराब बरामद हुई।

बहुत ज्यादा मात्रा में शराब जब्त
पुलिस के मुताबिक छापेमारी में 90 बोतल माल्टा शराब, 12 बीयर, 14 बोतल इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की शराब और करीब 18 लीटर देसी हथकढ़ शराब बरामद की गई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नेटवर्क की तलाशी जारी
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी मात्रा में शराब कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।



































