हिसार जिले के राजकीय कन्या महाविद्यालय उगालन में वीरवार को नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना और महिलाओं को स्वरक्षा के प्रति सशक्त बनाना था। इसकी अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सोहन सिंह ने की।
मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे बास थाना प्रभारी बलवान सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि नशा किसी व्यक्ति का नहीं, पूरे परिवार और समाज को हानि पहुँचता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों से अवगत करें। बलवान सिंह ने आत्मरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि हर लड़की को अपनी सुरक्षा के लिए बुनियादी बचाव के तरीके जरूर सिखने चाहिए। 
कार्यक्रम में सिसाय स्कूल के प्रिंसिपल लोकेश कुमार ने अपनी संगीत मंडली के साथ रागनियों के जरिए नशा मुक्ति का संदेश बड़ी खूबसूरती से पेश किया, जिसे छात्राओं ने खूब प्रसंसा की। वहीं, जींद से आए नशा मुक्त अभियान के इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने नशे के कारण, उसके शारीरिक और मानसिक प्रभाव, और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला । 
बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। छात्राओं ने विशेषज्ञों से सवाल पूछे और अपने मन की जिज्ञासाएं साझा कीं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सोहन सिंह ने युवाओं से कहा कि सफलता का रास्ता मेहनत और संयम से होकर गुजरता है, न कि किसी नशे से। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति हैं, और उनकी सुरक्षा व सम्मान सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्राध्यापक रूप सिंह, रचना, डॉ. कपिल मलिक सहित अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




































