सिटी बिग न्यूज | हिसार-हांसी
हांसी स्थित काठ मंडी के पास स्वर्ग आश्रम के श्मशान घाट में रविवार रात अचानक आग लग गई। आग अंतिम संस्कार के लिए रखी लकड़ी के स्टॉक में लगी थी। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। आग इतनी भीषण थी कि उसने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, श्मशान घाट के पास स्थित एक दुकानदार ने आग की लपटें देखीं और तत्काल चौकीदार को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 पर भी घटना की जानकारी दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। आग इतनी गहरी थी कि उसे कड़ी मशक्कत के बाद ही काबू किया जा सका। आग बुझाने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से जली हुई लकड़ियों को अलग किया गया, क्योंकि आग लकड़ी के ढेर के नीचे तक फैल चुकी थी।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल फायर टेंडर लेकर घटनास्थल पर पहुंची। इस हादसे में कई टन लकड़ी जलकर पूरी तरह राख हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







































