सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार में प्रॉपर्टी के लालच में बेटी द्वारा अपनी बुजुर्ग मां को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल हो गया। करीब साढ़े 3 मिनट के इस वीडियो में शादीशुदा बेटी अपनी 60 वर्षीय मां को थप्पड़ और घूंसे मारती नजर आ रही है। इतना ही नहीं, उसने मां के कान और पैरों पर दांतों से काट लिया और बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा।
इस घटना का किसी ने चुपके से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। हिसार की आजाद नगर थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला का पता लगाकर उसकी बेटी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
भाई की शिकायत पर बहन पर केस
पीड़ित महिला के बेटे अमरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन रीटा की शादी करीब दो साल पहले राजस्थान के राजगढ़ के गगड़वास निवासी संजय पूनिया से हुई थी। शादी के महज 10-15 दिन बाद ही वह अपने मायके लौट आई और तब से मां निर्मला देवी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है।
अमरदीप ने आरोप लगाया कि रीटा मां पर मकान अपने नाम करवाने का दबाव बना रही है और इसके लिए बार-बार उसके साथ मारपीट कर रही है। वह जबरन मां को बंधक बनाकर यातनाएं दे रही है, खाने-पीने तक नहीं देती।
मकान बेचकर पैसे हड़पने का आरोप
शिकायतकर्ता बेटे के अनुसार, उसकी बहन के पति की कोई स्थायी आमदनी नहीं है, जिस कारण वह मां की संपत्ति पर कब्जा करना चाहती है। रीटा ने पहले ही कुरुक्षेत्र स्थित मकान 65 लाख रुपये में बिकवाकर सारी रकम अपने पास रख ली। अब वह हिसार वाले मकान पर भी कब्जा जमाने की फिराक में है।
अमरदीप का कहना है कि रीटा ने मां को मुझसे मिलने से रोक दिया है और मुझे घर से बाहर कर दिया। वह आए दिन झूठे आरोप लगाकर मुझे फंसाने की धमकी देती है। मैं खुद किराए के मकान में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा हूं।
महिला के खिलाफ केस दर्ज, ससुराल पक्ष ने लगाई गुहार
पुलिस ने मामले में IPC की धारा 24, 115, 127(2), 296 और 351(3) के तहत केस दर्ज कर लिया है। इधर, मामला तूल पकड़ते ही आरोपी महिला के ससुराल पक्ष और पति ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मदद की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।







































