सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) हिसार के छठे दीक्षांत समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह पहली बार होगा जब जीजेयू के दीक्षांत समारोह में किसी राष्ट्रपति का आगमन होगा। इससे पहले, 2023 में उन्होंने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के दीक्षांत समारोह में शिरकत की थी।
दीक्षांत समारोह की भव्य तैयारियां शुरू
जीजेयू में 10 मार्च को होने वाले इस विशेष समारोह में हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, और प्रदेश के कई वरिष्ठ मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति कार्यालय से इस कार्यक्रम के लिए आधिकारिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विश्वविद्यालय के लिए सबसे प्रतिष्ठित आयोजन होता है और राष्ट्रपति द्वारा डिग्रियों का वितरण विद्यार्थियों के लिए गर्व और गौरव का विषय होगा।
डिग्री और मेडल वितरण समारोह
यह आयोजन चौधरी रणबीर सिंह सभागार के मुख्य हॉल में किया जाएगा। इस दौरान पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट और अंडर ग्रेजुएट विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को गोल्ड और सिल्वर मेडल्स से सम्मानित किया जाएगा। समारोह का समग्र संयोजन परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा किया जाएगा।
तैयारियों में जुटा प्रशासन
प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति के आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा हुआ है। इसके लिए उच्च अधिकारियों की बैठकें हो चुकी हैं, और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कमेटियां गठित कर दी गई हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा हिसार के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। इससे पहले, 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया था।
उनके बाद 20 साल बाद 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिसार का दौरा किया था, और अब वह फिर से शिक्षा के इस महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यार्थियों को प्रेरित करने आ रही हैं।







































