सिटी बिग न्यूज | हिसार
सर्वजन समाज पार्टी जिला हिसार के युवा विंग के जिला अध्यक्ष राज करण सैनी ने उन्हें युवा विंग का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे मैं पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाउंगा और पार्टी की सभी हिदायतों के अनुसार काम करूंगा। इसके साथ ही पार्टी से अधिक से अधिक युवाओं को जोडक़र हरियाणा को विकास की तरफ ले जाना हमारा लक्ष्य है।
राज करण सैनी ने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर शोर अधिक मचा रही है परन्तु वास्तव में धरातल पर विकास नहीं हो रहा है। सैनी ने बताया कि डाटा से लोहारी राघो रोड दस साल से टूटा पड़ा है जिसके चलते क्षेत्र वासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खेत जाते समय पशुओं को पैर में पत्थर लगने के कारण उनके पैर खराब हो चुके हैं। इस रोड को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्ष 2018 में ठीक करने की घोषणा भी कर चुके हैं फिर भी लोक निर्माण विभाग हरियाणा ने ठीक नहीं किया है जबकि इस रोड की ठीक करने की 6 करोड़ रुपए की अनुमति भी मिल चुकी है।
आज तक लोक निर्माण विभाग हरियाणा ने इस पर एक बूंद तारकोल भी नहीं डाला है। विधायक राम कुमार गौतम इस रोड को ठीक करने के लिए विधानसभा तक में भी आवाज उठा चुके हैं फिर भी आज तक इस रोड की लोक निर्माण विभाग हरियाणा ने ठीक नहीं किया है।
युवा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सर्वजन समाज पार्टी शीघ्र रणबीर सिंह गगंवा लोक निर्माण विभाग हरियाणा मंत्री से मिलेगी और शीघ्र डाटा से लोहारी राघो रोड को ठीक करने का अनुरोध करेगी। उन्हें जर्जर रोड से ग्रामीणों को हो रही परेशानियों और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से भी अवगत करवाया जाएगा।







































