सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) की प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. दिव्या फोगाट की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गोल्ड मेडलिस्ट वैज्ञानिक की मौत की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज उनके परिजनों और विभिन्न संगठनों ने एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के चार नंबर गेट पर भारी विरोध प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री एचएयू में बजट को लेकर वैज्ञानिकों और किसानों से संवाद कर रहे थे, जबकि बाहर इस मामले को लेकर प्रदर्शन हो रहा था। दिव्या फोगाट के भाई विशाल फोगाट ने हाल ही में राज्यपाल और अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
विशाल फोगाट ने कुलपति डॉ. बीआर कंबोज पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनकी बहन को मानसिक रूप से परेशान किया। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री दीपेंद्र हुड्डा और सांसद जयप्रकाश समेत कई नेताओं और संगठनों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विशाल फोगाट का कहना है कि उनकी बहन एक होनहार वैज्ञानिक थीं, जिन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट किए थे। उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई, और बिना कारण के विभागाध्यक्ष द्वारा नोटिस जारी किया गया।
हालांकि, विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हौटा) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि डॉ. दिव्या फोगाट को उनकी नियुक्ति और हॉस्टल की वार्डन की जिम्मेदारी दी गई थी, जो प्रशासन के विश्वास को दर्शाता है।







































