सिटी बिग न्यूज | सिरसा
भारतीय किसान एकता के प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने सिरसा में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन खनौरी किसान मोर्चे पर 43वें दिन में प्रवेश कर चुका है। सरकार की बार-बार वादाखिलाफी से आक्रोशित किसान 10 जनवरी को पूरे देश में गांव स्तर पर केंद्र सरकार के पुतले जलाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट कमेटी ने जताई चिंता
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी के चेयरमैन और पूर्व न्यायाधीश नवाब सिंह ने खनौरी किसान मोर्चे पर पहुंचकर डल्लेवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। नवाब सिंह ने उनके स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा, “मेरी जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण वे किसान हैं, जिन्होंने सरकार की गलत नीतियों के कारण आत्महत्या की। आत्महत्या करने वाले किसानों के अनाथ बच्चों की जिंदगियां मेरी जिंदगी से ज्यादा मूल्यवान हैं।”
MSP गारंटी कानून की मांग
डल्लेवाल ने नवाब सिंह से आग्रह किया कि सुप्रीम कोर्ट केंद्र सरकार को आदेश दे कि खेती से जुड़े विषयों पर बनी संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट का सम्मान करते हुए MSP गारंटी कानून बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह कानून किसानों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए जरूरी है।
गांव-गांव में आंदोलन की तैयारी
लखविंदर औलख ने कहा कि 10 जनवरी को पूरे देश के गांवों में मोदी सरकार के पुतले जलाकर विरोध किया जाएगा। इससे सरकार को यह संदेश दिया जाएगा कि ग्रामीण भारत के लोग MSP गारंटी कानून और जगजीत सिंह डल्लेवाल के साथ खड़े हैं।







































